छत्तीसगढ़Top Newsभारत

कमिश्नरी प्रणाली में गंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला संबंधी अपराध के 3 मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस की कार्यशैली में तेजी साफ नजर आ रही है। गंज थाना क्षेत्र में बीते दो–तीन दिनों के भीतर महिला संबंधी अपराधों पर बड़ी और त्वरित कार्रवाई करते हुए गंज थाना पुलिस ने तीन अलग–अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का कड़ा संदेश दिया है। रायपुर कमिश्नर IPS संजीव शुक्ला, IPS उमेश गुप्ता (डीसीपी सेंट्रल जोन) के निर्देश पर थाना प्रभारी सुनील दास के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया है।

महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, 24 घंटे में गिरफ्तारी
डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में थाना गंज पुलिस ने महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बलात्कार, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, गर्भपात और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज रायपुर में अपराध क्रमांक 35/26 एवं 36/26 धारा 69 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

केस 01: शादी का झांसा देकर बलात्कार

पहले प्रकरण में प्रार्थिया ने दिनांक 04 फरवरी 2026 को थाना गंज रायपुर में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार मई 2025 में ब्लिकिंट एप पर काम के दौरान उसकी पहचान डोमार वर्मा से हुई थी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गंज पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 35/26 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विस्तृत पूछताछ और पतासाजी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी:
डोमार वर्मा उर्फ शुभम पिता खिरेन्द्र वर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी राजातालाब, शास्त्री चौक धोबीघाट के पीछे, थाना सिविल लाइन, रायपुर।

केस 02: शादी का झांसा और गर्भपात का मामला

दूसरे प्रकरण में थाना गंज रायपुर के अपराध क्रमांक 36/26 धारा 69 बीएनएस के तहत आरोपी सरोज यादव के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। पीड़िता ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में गर्भपात कराने का आरोप लगाया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रायगढ़ में छिपा हुआ है। पुलिस टीम को रायगढ़ भेजकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपी:
सरोज यादव पिता ललित यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी टीवी टावर रोड, दीनदयाल पुरम कॉलोनी, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़।

केस 03: लिव-इन रिलेशनशिप में मारपीट

तीसरे मामले में थाना गंज रायपुर के अपराध क्रमांक 33/26 धारा 296, 115(2), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रार्थिया शालु कुमारी आरोपी राकेश कुमार के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोपी द्वारा लगातार मारपीट और झगड़ा किए जाने पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। गंज थाना पुलिस ने त्वरित मामला कायम कर आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे महिला के साथ हो रहे अपराध पर तत्काल रोक लगाई जा सकी।

गिरफ्तार आरोपी:
राकेश कुमार पिता राजेश्वर प्रसाद, उम्र 35 वर्ष, स्थायी निवासी पटना (थाना गांधी मैदान, बिहार), हाल पता रमण मंदिर वार्ड फाफाडीह, चन्द्रशेखर तिवारी का मकान, थाना गंज रायपुर।

पुलिस का सख्त संदेश
गंज थाना पुलिस और रायपुर कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। अपराध चाहे किसी भी प्रकृति का हो, आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि राजधानी रायपुर में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button