छत्तीसगढ़Top Newsभारत

थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व में उतरी पुलिस टीम

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ती नजर आ रही है। शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार सघन पेट्रोलिंग, चेकिंग और विशेष “अगस्त अभियान” चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आमानाका थाना क्षेत्र में देर शाम थाना प्रभारी सुधांशु बघेल के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर नाइट गश्त अभियान चलाया गया।

इस नाइट गश्त अभियान में आमानाका थाना प्रभारी के साथ करीब 25 पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, सुनसान गलियों और आवासीय क्षेत्रों में पैदल और वाहन से गश्त की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई, वहीं अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उन्हें समझाइश भी दी गई।

पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद से रायपुर पुलिस अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए जानी जा रही है। पुलिस का दावा है कि चाहे अपराध छोटा हो या बड़ा, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर या अधिकतम 24 घंटे के अंदर आरोपियों तक पहुंचकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी तेजी और सख्ती के चलते अपराधियों में पुलिस का भय बना हुआ है, जिससे अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।

नाइट गश्त के दौरान पुलिस ने खुले में शराब पीने वालों, बिना कारण घूमने वाले असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्थानीय लोगों से भी संवाद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

मामले में जानकारी देते हुए आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि रोजाना चेकिंग अभियान, नाइट गश्त और “अगस्त अभियान” के माध्यम से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को होने से पहले ही रोकना है।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि लगातार गश्त और चेकिंग से न सिर्फ अपराधियों पर दबाव बनेगा, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। आने वाले दिनों में भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button