छत्तीसगढ़Top Newsभारत

GATE परीक्षा में नकल कराने की साजिश का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर. रायपुर पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में नकल कराने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना डीडी नगर और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा के दौरान कुछ लोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना बना रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन, सरोना के आसपास गोपनीय निगरानी की। संदिग्ध गतिविधियां दिखने पर कुछ व्यक्तियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के भीतर बैठे अभ्यर्थियों को सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराए गए थे। बाहर बैठे सहयोगी प्रश्न सुनकर इंटरनेट के माध्यम से उत्तर तैयार करते और ब्लूटूथ के जरिए परीक्षार्थियों तक पहुंचाते थे। इसके बदले आरोपियों द्वारा मोटी रकम ली जाती थी। परीक्षा केंद्र से संपर्क कर संदेहियों की तलाशी ली गई, जहां से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए।

थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 61(2) बीएनएस, आईटी एक्ट की धारा 66 और लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पुलिस ने 3 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड सहित अन्य उपकरण और नकल से संबंधित सामग्री जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन सहवाग (झज्जर), सुमित सहवाग (झज्जर), लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की (फतेहाबाद), अमर (फतेहाबाद), नरेंद्र कुमार (हिसार) और बंटी कुमार (फतेहाबाद) शामिल हैं। सभी आरोपी हरियाणा के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button