
रायपुर। राजधानी रायपुर में हथियारों के साथ खुलेआम घूमने और दहशत फैलाने के वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड बस्ती से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे नामक युवक कथित तौर पर मछली काटने वाले धारदार हथियार को लहराते हुए नजर आ रहा है और इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश करता दिख रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो रामकुंड बस्ती का है, जहां युवक खुलेआम हथियार दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास कर रहा है। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस को ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वीडियो के वायरल होते ही आजाद चौक थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे के रूप में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे का नाम पहले भी इलाके में नशे से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। बताया जा रहा है कि वह रामकुंड बस्ती क्षेत्र में नशे की गोलियों की बिक्री और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है, हालांकि पुलिस इस संबंध में भी तथ्यात्मक जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर डर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में इस तरह की गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो राजधानी में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों की ओर इशारा कर रहे हैं। आम नागरिकों का कहना है कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही ऐसे बदमाशों पर लगाम लगाई जा सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




